टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम अब अपनी तैयारियों का फोकस आगामी वनडे विश्व कप पर कर रही है। वर्ष 2027 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में वनडे विश्व कप खेला जाएगा।
हालांकि, इस टूर्नामेंट में अभी करीब डेढ़ साल का समय बाकी है, लेकिन भारतीय टीम के सामने आने वाले महीनों में व्यस्त कार्यक्रम रहने की संभावना है। कई क्रिकेट बोर्डों ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से भारत के विदेशी दौरों के कार्यक्रम में वनडे मैचों की संख्या बढ़ाने का आग्रह किया है।
इन बोर्डों ने किया अनुरोध
रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी), न्यूजीलैंड क्रिकेट, क्रिकेट आयरलैंड और श्रीलंका क्रिकेट ने बीसीसीआई से आधिकारिक तौर पर अनुरोध किया है कि भारत के साथ होने वाली सीरीज में ज्यादा वनडे मुकाबले शामिल किए जाएं। इन बोर्डों का मानना है कि भारतीय टीम के साथ खेले जाने वाले मुकाबले आर्थिक ²ष्टि से बेहद लाभकारी होते हैं।
भारत की लोकप्रियता के कारण स्टेडियमों में दर्शकों की बड़ी संख्या उमड़ती है और टीवी प्रसारण की दर्शक संख्या भी काफी अधिक रहती है। यही वजह है कि कई क्रिकेट बोर्ड चाहते हैं कि भारत के साथ होने वाली सीरीज में वनडे मैचों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से भी फायदा हो सके।
रोहित-कोहली की लोकप्रियता भी अहम कारण
वनडे मुकाबलों की संख्या बढ़ाने के पीछे एक बड़ी वजह भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली भी माने जा रहे हैं। दोनों ही दिग्गज भारतीय बल्लेबाज अब सिर्फ वनडे प्रारूप खेलते हैं। उनकी लोकप्रियता सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया भर में काफी ज्यादा है। अगर अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में वनडे मैचों की संख्या बढ़ती है तो रोहित और कोहली को ज्यादा मैच खेलने का अवसर मिलेगा।
इससे दर्शकों को भी इन दोनों दिग्गजों को मैदान पर देखने का मौका मिलेगा। क्रिकेट बोर्डों का मानना है कि इन दोनों खिलाड़ियों की मौजूदगी से मैचों की लोकप्रियता और दर्शक संख्या दोनों में वृद्धि होती है। इंग्लैंड दौरे के कार्यक्रम में बदलाव संभव: भारत के आगामी इंग्लैंड दौरे के कार्यक्रम में फिलहाल तीन वनडे और पांच टी-20 मुकाबले तय किए गए हैं। हालांकि अब इस कार्यक्रम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
अधिकारियों के बीच इस बात पर चर्चा चल रही है कि या तो दो अतिरिक्त वनडे मुकाबले जोड़े जाएं या फिर कुछ टी-20 मैचों की जगह वनडे मुकाबले रखे जाएं। सूत्रों के अनुसार यह भी माना जा रहा है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर को देखते हुए यह संभवत: उनका इंग्लैंड में आखिरी दौरा हो सकता है। ऐसे में मेजबान बोर्ड चाहता है कि दोनों खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा वनडे मैचों में खेलते हुए देखा जा सके। हालांकि इस संबंध में अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
श्रीलंका दौरे में भी जुड़ सकते हैं सफेद गेंद के मुकाबले
भारतीय टीम को अगस्त महीने में श्रीलंका का दौरा भी करना है। इस दौरे में फिलहाल दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज प्रस्तावित है, जिसमें से एक मुकाबला कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर डे-नाइट टेस्ट के रूप में आयोजित किया जा सकता है। इसके साथ ही श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई के साथ शेड्यूल में सफेद गेंद मैच जोड़ने के लिए बातचीत कर रहा है।
दरअसल, श्रीलंका पहले इसी वर्ष भारत के साथ एक सफेद गेंद सीरीज आयोजित करना चाहता था, लेकिन बाद में उसे टालना पड़ा था। अब वह उसी सीरीज को इस दौरे के साथ जोड़ने की संभावना तलाश रहा है।
जनवरी में आखिरी बार मैदान पर उतरे थे रोहित और कोहली
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली आखिरी बार इस वर्ष जनवरी में अंतरराष्ट्रीय मैदान पर उतरे थे। उस समय भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली गई थी। इस सीरीज में विराट कोहली का बल्ला शानदार फॉर्म में नजर आया था। उन्होंने क्रमश: 93, 23 और 124 रन की पारियां खेलीं। वहीं, रोहित शर्मा ने तीन मैचों में 26, 24 और 11 रन बनाए थे।
अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जाएगी वनडे सीरीज
इंडियन प्रीमियर लीग के समाप्त होने के बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज में भी रोहित शर्मा और विराट कोहली के खेलने की संभावना है। सीरीज का पहला मुकाबला 14 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ में आयोजित होगा, जबकि तीसरा और अंतिम मुकाबला 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। इस सीरीज को भी भारतीय टीम की 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



