देश-विदेश

हिमंत बिस्वा सरमा फिर बनेंगे असम के CM, 12 मई को लेंगे शपथ

असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने रविवार को हिमंत बिस्वा सरमा को असम का मुख्यमंत्री नियुक्त किया। इससे राज्य में लगातार तीसरी बार राजग सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया। सरमा अब 12 मई को शपथ लेंगे।

इससे पूर्व सरमा को केंद्रीय पर्यवेक्षक व मंत्री जेपी नड्डा और सह पर्यवेक्षक हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सरमा ने राजग नेताओं के साथ लोकभवन में जाकर राज्यपाल आचार्य से मुलाकात की और सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया।

साथ ही अपने समर्थन में 102 विधायकों के हस्ताक्षर वाला पत्र सौंपा। राज्य के मुख्य सचिव रवि कोटा द्वारा हस्ताक्षरित एक अधिसूचना में कहा गया, “भारतीय संविधान के अनुच्छेद 164 के खंड (1) के तहत असम के गवर्नर उन्हें प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को असम का मुख्यमंत्री नियुक्त करने में प्रसन्नता का अनुभव कर रहे हैं।”

समारोह में शामिल हो सकते हैं पीएम मोदी

इससे पहले लोकभवन की ओर से कहा गया था कि गवर्नर ने डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को असम में नई सरकार बनाने के लिए बुलावा दिया है। आचार्य मंगलवार को सरमा को मुख्यमंत्री के रूप में और मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। केंद्रीय पर्यवेक्षक नड्डा ने कहा कि सरमा को रविवार को हुई विधायक दल की बैठक में भाजपा नेतृत्व वाले राजग का नेता चुना गया।

पूर्व मंत्री रंजीत कुमार दास, अजानता निओग, अशोक सिंघल और पिजुश हजारिका समेत आठ भाजपा विधायकों ने सरमा का नाम पार्टी विधायक दल के नेता के रूप में प्रस्तावित किया। असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने भी सरमा के नामांकन का समर्थन किया।

सरमा ने गठबंधन नेता के रूप में चुने जाने के बाद कहा कि अगली सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए अधिक उत्साह के साथ काम करेगी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी असम के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और भारी जनादेश इसी का नतीजा है। उन्होंने इसके लिए राज्य की जनता का आभार जताया।

असम में राजग का यह लगातार तीसरा कार्यकाल

सरमा का दूसरा राजग का असम में यह लगातार तीसरा कार्यकाल होगा। भाजपा-नेतृत्व वाले गठबंधन ने पहली बार 2016 में मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में सत्ता संभाली थी। इसके बाद 2021 में मुख्यमंत्री सरमा के नेतृत्व में राजग सरकार रही। अब सरमा एक बार फिर सीएम की शपथ लेने जा रहे हैं।

वह राज्य के पहले गैर-कांग्रेस मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं जो दो लगातार कार्यकाल सेवा देंगे। राजग ने विधानसभा चुनावों में दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है। 126 सदस्यीय सदन में रिकार्ड 102 सीटें जीती हैं। भाजपा ने 82 सीटें जीतीं, जबकि सहयोगी एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीटें हासिल कीं।

Related Articles

Back to top button