देश-विदेश

आईएनएस सुनैना ने भारत-सिंगापुर समुद्री संबंध मजबूत किए

भारतीय नौसेना का पोत आईएनएस सुनैना हिंद महासागर क्षेत्र में तैनात 26 अप्रैल को सिंगापुर के चांगी नौसैनिक अड्डे पर पहुंचा, जो महासागर दृष्टिकोण के तहत इसका चौथा बंदरगाह दौरा है।

हिंद महासागर क्षेत्र में निगरानी के तैनात आईएनएस सुनैना में 16 मित्र देशों के बहुराष्ट्रीय चालक दल के सदस्य हैं। यह पहले ही माले (मालदीव), फुकेत (थाईलैंड) और जकार्ता (इंडोनेशिया) का दौरा कर चुका है। इसका उद्देश्य समुद्री सहयोग और सामूहिक सुरक्षा को मजबूत करना है।

भारतीय नौसेना के अनुसार, भारत के क्षेत्रीय समुद्री सहयोग के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता दर्शाती आईओएस सागर पहल का दूसरा संस्करण 16 मार्च से शुरू है। इसमें 16 देशों के नौसैनिकों को भारतीय नौसेना के जहाज पर प्रशिक्षण के लिए एकत्रित किया गया।

आईएनएस सुनैना पोत का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जो भारत और सिंगापुर के बीच मजबूत समुद्री संबंधों को दर्शाता है। सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अम्बुले ने चालक दल के सदस्यों से बातचीत की।

आईएनएस सुनैना के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सिद्धार्थ चौधरी ने क्रांजी युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और सिंगापुर नौसेना के कर्नल चुआह मेंग सून के साथ समुद्री सहयोग को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

नेविगेशन और डैमेज कंट्रोल सिमुलेटर, सूचना फ्यूजन सेंटर और सिंगापुर में नौसेना संग्रहालय का दौरा भी किया गया। इस दौरान भारतीय पोत को आगंतुकों के लिए खोला गया। आईएनएस सुनैना बुधवार दिनांक 29 अप्रैल को सिंगापुर से प्रस्थान करेगा।

Related Articles

Back to top button