गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से मिली हार के बाद अपनी टीम के गेंदबाजों पर काफी गुस्सा नजर आए। उन्होंने साफ कहा है कि जीतने के लिए गेंदबाजों को विकेट लेने की जरूरत है। उन्होंने साथ ही फील्डिंग पर भी नाराजगी जताई है।
गुजरात ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए साई सुदर्शन के शतक के दम पर तीन विकेट खोकर 205 रन बनाए थे। इस टारगेट को आरसीबी ने पांच विकेट खोकर 18.5 ओवरों में हासिल कर लिया।
विराट को छूटा कैच
आरसीबी के लिए विराट कोहली ने 44 गेंदों पर 81 रनों की पारी खेली जिसमें आठ चौके और चार छक्के शामिल रहे। कोहली को इस मैच में जीवनदान मिला था जब उनका खाता भी नहीं खुला था। इस बात को लेकर भी गिल काफी नाराज नजर आए। गिल ने 16 से 19वें ओवर तक गुजरात के बल्लेबाजों द्वारा कम रन बनाने को लेकर भी गुस्सा जाहिर किया।
गिल ने मैच के बाद कहा, “निश्चित तौर पर। 16वें ओवर से 19वें ओवर तक, तीन ओवरों में हमने बाउंड्री भी नहीं लगाई। पावरप्ले तक हम अच्छी स्थिति में थे। हमें विकेट लेने की जरूरत थी। जब बल्लेबाज का कैच शून्य पर छूट जाए तो ये फील्डर के लिए मुश्किल होता है। लेकिन आप कैसे वापसी करते हैं ये इस पर निर्भर करता है। हमें हमारे मौके मिले थे, लेकिन हम लगातार सही लैंग्थ पर गेंद को डाल नहीं सके जो काफी अहम था। लेकिन उन्होंने मध्य के ओवरों में काफी शानदार बल्लेबाजी की।”
कोहली और पडिक्कल की दमदार साझेदारी
कैच छूटने के बाद कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की और अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा पडिक्कल ने 27 गेंदों पर दो चौके और छह छक्कों की मदद से 55 रन बनाए। इन दोनों ने 115 रनों की साझेदारी करते हुए आरसीबी की जीत पक्की की।

