मिडिल ईस्ट में जारी तनाव अब विनाशकारी मोड़ में पहुंच गया है। रविवार सुबह अमेरिका और इजरायल ने होर्मुज स्ट्रेट के पास स्थित एक ईरानी शहर के घाट पर हमला किया है। इस हमले में पांच लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा तेहरान में ईरानी सैन्य ठिकानों पर भी हमला हुआ है।
ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, रविवार को अमेरिका और इजरायल के हमलों में रणनीतिक होर्मुज स्ट्रेट के पास स्थिति ईरानी शहर बंदर खमीर के घाट पर हमला किया। जिसमें पांच लोग मारे गए और चार अन्य घायल हो गए।
इजरायल ने ईरान पर फिर किया हमला?
इजरायली सेना के अनुसार, ईरान भर में हमलों की एक और लहर पूरी हो गई है, राजधानी तेहरान में भारी विस्फोटों की आवाजें सुनाई देने के कुछ ही घंटों बाद यह घटना हुई।
एक्स पर जारी एक बयान में, आईडीएफ ने दावा किया कि हमलों में हथियार भंडारण और उत्पादन स्थलों के साथ-साथ हवाई रक्षा प्रणालियों को भी निशाना बनाया गया था।
कोई पीछे हटने को नहीं तैयार
गौरतलब है कि मिडिल ईस्ट में युद्ध शुरू होने के एक महीने बीत जाने के बावजूद कोई पीछे हटने को तैयार नहीं है। ईरान जहां लगातार खाड़ी देशों पर हमले कर रहा है, वहीं अमेरिका ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य हमले की तैयारी में है।
3500 अतिरिक्त अमेरिकी सैनिक तैनात
ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिकी नौसेना का युद्धपोत USS त्रिपोली 3500 अतिरिक्त सैनिकों और घातक लड़ाकू विमानों के साथ खाड़ी क्षेत्र में तैनात हो चुका है।
वाशिंगटन पोस्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ईरान के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण खार्ग द्वीप और होर्मुज स्ट्रेट पर कब्जे या हमले की योजना बना रहा है। इसके लिए अमेरिका ईरान में कई हफ्तों तक चलने वाले जमीनी वॉर की तैयारी कर रहा है।
वाशिंगटन पोस्ट ने अज्ञात अधिकारियों के हवाले से बताया कि ट्रंप किसी भी हमले को मंजूरी देंगे या नहीं, यह अभी अनिश्चित है।


