अंडमान निकोबार क्षेत्र में प्राकृतिक गैस के बड़े भंडार मिले हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक वीडियो साझा करते हुए इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सरकारी कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड ने अंडमान अपतटीय बेसिन में प्राकृतिक गैस का एक बड़ा भंडार खोज निकाला है। इससे भारत के ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने की संभावना को और भी ज्यादा बल मिला है।
इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि अंडमान निकोबार द्वीपों से 15 किलोमीटर दूर श्री विजय पुरम-3 में हमें प्राकृतिक गैस के भंडार मिले हैं।
यह कुआं पानी में करीब 1900 मीटर गहराई में स्थिति हैं। शुरुआती टेस्टिंग के दौरान लगातार गैस जलने से गैस की मौजूदगी की पुष्टि हुई है।
गैस के नमूने की जांच के लिए उसे लैबोरेट्री में भेजा गया है। यह खोज प्रधानमंत्री द्वारा स्वतंत्रता दिवस 2025 पर घोषित ‘समुद्र मंथन मिशन’ के उद्देश्यों को मजबूती प्रदान करती है।
ऑयल इंडिया द्वारा अंडमान बेसिन में अब तक खोदे गए तीन कुओं में से दो में हाइड्रोकार्बन की उपस्थिति दर्ज की जा चुकी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह सफलता भारत को वैश्विक ऊर्जा कंपनियों के साथ सहयोग बढ़ाने और गहरे समुद्री ऊर्जा संसाधनों के दोहन में नई संभावनाएं प्रदान करेगी। हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि अमृत काल के हमारे सफर में यह खोज एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।



