भारत में रहने वाले लोगों की सेहत बहुत तेजी से बदल रही है, जहां एक तरफ बैक्टीरिया और इन्फेक्शन वाली बीमारियों में कमी आई है तो वहीं हमारी रोजमर्रा की आदतों से अब ज्यादा बीमारियां पैदा हो रही हैं। ऐसा हम नहीं बल्कि हाल ही में जारी हुआ नैशनल फैमिली हेल्थ (NFHS-6) सर्वे कह रहा है। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि आखिर वो कौन सी बीमारियां हैं और उसके लिए हमारी आदतें कैसे जिम्मेदार हैं।
खराब जीवनशैली से होने वाली बीमारियां
यहां ऐसी 4 बीमारियां बताई जा रही हैं जिनका कारण हमारी रोजमर्रा की खराब आदतें हैं :
मोटापा
शरीर की बढ़ती चर्बी आज एक ऐसी समस्या है जिससे ज्यादातर लोग परेशान हैं। मोटापे की सबसे बड़ी वजह है खूब खाना, उसमें भी घर के बने खाने के बजाय जंक फूड ज्यादा खाना। इससे होता यह है कि शरीर में सूजन बढ़ती चली जाती है और व्यक्ति मोटापे का शिकार हो जाता है। वहीं, कई बार शरीर के बढ़ते फैट के लिए तनाव भी ज़िम्मेदार होता है। जिसकी वजह से स्ट्रेस ईटिंग होने लगती है।
हाइपरटेंशन
अब क्योंकि फास्ट फूड का सेवन बढ़ गया है तो इससे हाइपरटेंशन की बीमारी भी लोगों में ज्यादा देखने को मिल रही है। फास्ट फूड में नमक और तेज़ मसाले रक्त में दबाव को बढ़ा देते हैं। वहीं, मानसिक तनाव के चलते भी ब्लड में प्रेशर बढ़ने लगने लगता है और व्यक्ति हाइपरटेंशन की चपेट में आ जाता है।
टाइप 2 डायबिटीज
टाइप 2 डायबिटिज का कारण बढ़ता वजन खासकर पेट के हिस्से की बढ़ती चर्बी, शरीर को एक्टिव न रखना, जंक फूड या पैकेट फूड का अधिक सेवन है। कई मामलों में यह बीमारी आनुवंशिक हो सकती है पर ज्यादातर इसकी वजह खराब आदतें ही हैं।
अस्थमा
इन दिनों अस्थमा की दिक्कत लोगों में देखने को मिल रही है और इसकी एक वजह स्मोकिंग और तंबाकू का सेवन भी है। वहीं, दूसरी वजह मोटापा है क्योंकि जब शरीर का वजन ज्यादा होता है तो इससे फेफड़ों पर दबाव अधिक बढ़ता है और सांस लेने में परेशानी होने लगती है।
खराब आदतों के चलते होने वाली बीमारियों से बचाव कैसे करें?
घर का बना ताज़ा और पोषक तत्वों से भरपूर खाना खाएं।
तनाव से बचने के लिए मेडिटेशन का सहारा लें।
शरीर को फिट रखने के लिए रोजाना एक्सरसाइज करें।
कभी-कभी मसालेदार और ज्यादातर सादा भोजन करें।
स्मोकिंग और तंबाकू से परहेज करें।


