राहुल द्रविड़ के भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के तौर पर अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद तत्कालीन कप्तान रोहित शर्मा ने बताया था कि कैसे उनकी पत्नी इस दिग्गज को उनकी ‘काम के स्थल वाली पत्नी’ मानती थी।
अब जब कोई उनके टी-20 उत्तराधिकारी सूर्यकुमार यादव को मौजूदा मुख्य कोच गौतम गंभीर के बारे में बात करते हुए देखता है तो यह समीकरण उतना ही सहज और आपसी भरोसे तथा सम्मान पर बना हुआ लगता है, जितना रोहित और द्रविड़ के बीच था।
भारत के टी-20 विश्व कप विजेता बनने के बाद जब सूर्यकुमार से गंभीर के साथ उनके रिश्ते के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि मैंने गौतम भाई के साथ चार साल (कोलकाता नाइट राइडर्स में) क्रिकेट खेला है।
और मुझे पता था कि वह कैसे सोचते हैं। ऐसे में उन्होंने दो कदम उठाए और दो कदम मैंने उठाए तो हर बार बीच का रास्ता निकला।
सूर्या की कभी भी कोच गंभीर ने नहीं हुई बहस
सूर्यकुमार ने कहा कि इन दो वर्षों में दोनों के बीच कभी कोई बहस नहीं हुई और उन्होंने एक आदर्श एकादश तय करने के लिए कभी रातों की नींद नहीं गंवाई। सूर्यकुमार ने कहा कि जब से हमने साथ काम करना शुरू किया और हम श्रीलंका गए थे, तब से लेकर अब तक मुझे याद नहीं कि कभी किसी खिलाड़ी को लेकर हमारी बहस हुई हो।
कप्तान ने कहा कि हम बात करते हैं कि हमें किसी खास खिलाड़ी को खिलाना चाहिए या नहीं। हम दोनों हमेशा टीम को जिताने में दिलचस्पी रखते हैं। हम सोचते हैं कि किसी खिलाड़ी को ऐसी स्थिति में कैसे रख सकते हैं, जिससे टीम को फायदा हो सके। कई बार हमने टीम के बारे में एकादश या 15 खिलाड़ियों के बारे में बात की है कि हमें किसे चुनना है और 14 खिलाड़ी हमेशा एक जैसे रहे हैं।
‘पाजी, कदि हस वि लेया करो’
भारतीय क्रिकेट टीम के इंटरनेट मीडिया स्टार अर्शदीप सिंह ने टी-20 विश्व कप में खिताबी जीत के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर को और मुस्कुराने के लिए चिढ़ाया।
अर्शदीप की वीडियो में गंभीर, सैमसन, अभिषेक, बुमराह, सिराज, अक्षर और सूर्यकुमार नजर आ रहे हैं। अर्शदीप पहले से ही मुस्कुरा रहे गंभीर को थोड़ा और हंसने के लिए एक मशहूर बालीवुड कामेडी फिल्म के डायलाग बोलते हुए कह रहे हैं कि ‘‘पाजी, कदि हस वि लेया करो।’’ इस पर गंभीर ने जवाब दिया है, ‘‘सिंह इज किंग।’’
आईसीसी की टी-20 टीम में चार भारतीय शामिल
तीसरी बार टी-20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, ईशान किशन और हार्दिक पांड्या को आईसीसी की 2026 टी-20 विश्व कप टीम में शामिल किया गया है। सैमसन ने पांच पारियों में 321 रन बनाकर टीम में शामिल भारतीय चौकड़ी का नेतृत्व किया।
कोच साहब आपकी मुस्कान अच्छी लगती है
धोनी भारत की खिताबी जीत ने लगभग दो साल बाद महान क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को इंटरनेट मीडिया पर फिर से सक्रिय कर दिया और उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर कहा आप सभी को खेलते हुए देखकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने गंभीर के लिए कहा कि कोच साहब आपकी मुस्कान बहुत अच्छी लग रही है। धोनी ने इंस्टाग्राम पर पिछला पोस्ट 2024 में किया था।
ईशान से सूर्या ने पूछा था, विश्व कप जिताएगा?
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जब भारत की टी20 विश्व कप टीम में जगह की पुष्टि करने के लिए ईशान किशन को फोन किया था तो उनके पास इस आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज से पूछने के लिए बस एक ही सवाल था कि क्या वह ‘विश्व कप जिताएगा? ईशान ने इसका जवाब एक सवाल से देते हुए सूर्यकुमार को कहा, ‘‘भरोसा करोगे? यह बातचीत सूर्यकुमार के ‘हां’ में जवाब देने के साथ खत्म हुई थी। ईशान ने अब इसके बारे में सभी को बताया।



